पेज

मेरी अनुमति के बिना मेरे ब्लॉग से कोई भी पोस्ट कहीं ना लगाई जाये और ना ही मेरे नाम और चित्र का प्रयोग किया जायेये

my free copyright

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

सोमवार, 26 सितंबर 2011

कृष्ण लीला ……भाग 15






एक दिन वासुदेव प्रेरणा से
कुल पुरोहित गर्गाचार्य
 गोकुल पधारे हैं
नन्द यशोदा ने 
आदर सत्कार किया
और वासुदेव देवकी का हाल लिया
जब आने का कारण पूछा 
तो गर्गाचार्य ने बतलाया है
पास के गाँव में 
बालक ने जन्म लिया है
नामकरण के लिए जाता हूँ
बस रास्ते में 
तुम्हारा घर पड़ता था
सो मिलने को आया हूँ
सुन नन्द यशोदा ने अनुरोध किया
बाबा हमारे यहाँ भी
दो बालकों ने जन्म लिया
उनका भी नामकरण कर दो
सुन गर्गाचार्य ने मना किया
तुम्हें है हर काम 
जोर शोर से करने की आदत
कंस को पता चला तो
मेरा जीना मुहाल करेगा
सुन नन्द बाबा कहने लगे
भगवन गौशाला में चुपचाप
नामकरण कर देना
हम ना किसी को बताएँगे
सुन गर्गाचार्य तैयार हुए
जब रोहिणी ने सुना
 कुल पुरोहित आये हैं
गुणगान बखान करने लगी
सुन यशोदा बोली
गर इतने बड़े पुरोहित हैं 
तोऐसा करो
अपने बच्चे हम बदल लेते हैं
तुम मेरे लाला को और मैं 
तुम्हारे पुत्र को लेकर जाउंगी
देखती हूँ कैसे तुम्हारे कुल पुरोहित
 सच्चाई जानते हैं
माताएं परीक्षा पर उतर आयीं
बच्चे बदल गौशाले में पहुँच गयीं
यशोदा के हाथ में बच्चे को देख
गर्गाचार्य कहने लगे
 ये रोहिणी का पुत्र है
 इसलिएएक नाम रौहणेय होगा 
अपने गुणों से सबको आनंदित करेगा
 तो एक नाम "राम " होगा
और बल में इसके समान
कोई ना होगा
तो एक नाम बल भी होगा
मगर सबसे ज्यादा 
लिया जाने वाला नाम
बलराम होगा
ये किसी में कोई भेद ना करेगा
सबको अपनी तरफआकर्षित करेगा
तो एक नाम संकर्षण होगा
 और अब जैसे ही 
रोहिणी की गोद के बालक को देखा
 तोगर्गाचार्य मोहिनी मुरतिया में खो गए
अपनी सारी सुधि भूल गए
खुली आँखों से प्रेम समाधि लग गयी
गर्गाचार्य ना बोलते थे ना हिलते थे
ना जाने इसी तरह 
कितने पल निकल गए
ये देख बाबा यशोदा घबरा गए
हिलाकर पूछने लगे बाबा क्या हुआ ?
बालक का नामकरण करने आये हो
क्या ये भूल गए
 सुन गर्गाचार्य को होश आया है
और एकदम बोल पड़े
नन्द तुम्हारा बालक 
कोई साधारण इन्सान नहीं
 ये तो कह जो ऊँगली उठाई
 तभी कान्हा ने आँख दिखाई
कहने वाले थे गर्गाचार्य
 ये तो साक्षात् भगवान हैं
तभी कान्हा ने 
आँखों ही आँखों में
गर्गाचार्य को धमकाया है
बाबा मेरे भेद नहीं खोलना
बतलाया है
मैं जानता हूँ बाबा
यहाँ दुनिया 
भगवान का क्या करती है
उसे पूज कर 
अलमारी में बंद कर देती है
और मैं अलमारी में
बंद होने नहीं आया हूँ
मैं तो माखन मिश्री खाने आया हूँ
माँ की ममता में 
खुद को भिगोने आया हूँ
गर आपने भेद बतला दिया
 मेरा हाल क्या होगा
ये मैंने तुम्हें समझा दिया
मगर गर्गाचार्य मान नहीं पाए 
जैसे ही दोबारा बोले 
ये तो साक्षात् तभी
कान्हा ने फिर धमकाया 
बाबा मान जाओ 
नहीं तो जुबान यहीं रुक जाएगी
और ऊँगली 
उठी की उठी रह जाएगी
ये सारा खेल 
आँखों ही आँखों में हो रहा था
पास बैठे नन्द यशोदा को 
कुछ ना पता चला था
अब गर्गाचार्य बोल उठे 
आपके इस बेटे के नाम अनेक होंगे
जैसे कर्म करता जायेगा
वैसे नए नाम पड़ते जायेंगे
लेकिन क्योंकि इसने 
इस बार काला रंग पाया है
इसलिए इसका एक नाम कृष्ण होगा 
इससे पहले ये कई रंगों में आया है
मैया बोली बाबा 
ये कैसा नाम बताया है
इसे बोलने में तो 
मेरी जीभ ने चक्कर खाया है
कोई आसान नाम बतला देना
तब गर्गाचार्य कहने लगे
मैया तुम इसे कन्हैया , कान्हा , कनुआ कह लेना
सुन मैया मुस्कुरा उठी
ताजिंदगी कान्हा कहकर बुलाती रही
यहाँ तक कि 
सौ साल बाद 
कुरुक्षेत्र में जब 
कान्हा पधारे थे
सुन मैया दौड़ी आई थी
अपने कान्हा का पता
पूछती फिरती थी
अरे किसी ने मेरा कान्हा देखा क्या
कोई मुझे मेरे कान्हा से मिलवा दो
बस यही गाती फिरती थी
तपती रेत पर 
नंगे पाँव दौड़ी जाती थी
नेत्रों से अश्रु बहते थे
पैरों में छाले पड़ गए थे
मगर मैया को कहाँ
अपने शरीर का होश था
उसका व्याकुल ह्रदय तो
कान्हा के दरस को तरस रहा था
१०० साल का वियोग 
मैया ने कैसे सहा था 
आज कैसे वो रुक सकती थी
जिसके लिए वो जी रही थी
जिसकी सांसों की डोर
कान्हा मिलन में अटकी पड़ी थी 
उसकी खबर पाते ही
बेचैन हो गयी थी 
हर मंडप में जाकर 
गुहार लगाती थी
मगर कोई ना उसे 
समझ पाता था
क्यूँकि उनका कान्हा तो अब
द्वारिकाधीश बन गया था
किसी ने ना कभी
ये नाम सुना था
उनके लिए तो सिर्फ
द्वारकाधीश नाम ही 
संबल था
मगर मैया ने ना 
कभी कोई और नाम लिया था
उसके लिए तो
उसका कान्हा आज भी
कनुआ ही था
मैया आवाज़ लगा रही थी
लगाते लगाते जैसे ही
एक मंडप के आगे से गुजरी
ये करुण पुकार सिर्फ
मेरे कान्हा ने सुनी
अरे ये तो मेरी मैया
मुझे बुलाती है
मगर वो यहाँ कहाँ से आ गयी
इस अचरज में पड़े
नेत्रों में अश्रु भरे 
कान्हा दौड़ पड़े
मैया- मैया कह आवाज लगायी
देख तेरा कान्हा यहाँ है
कह मैया को आवाज़ लगायी
सुन कान्हा की आवाज़
मैया रुक गयी
और कान्हा को 
पहले की तरह
गोद में लेकर बैठ गयी
मेरा लाल कितना दुबला हो गया है
क्या कान्हा तुझे माखन 
वहाँ नहीं मिलता है
मैया रोती जाती है

भाव विह्वल हुई जाती है
जैसे बचपन में लाड
लड़ाती थी वैसे ही
आज भी लाड - लड़ाती है 
कान्हा को गले लगाती है
आज तेरा कान्हा मैया
द्वारकाधीश बना है
जो तू मांगेगी 
सब हाजिर हो जायेगा
बोल मैया तू क्या चाहती है
सुन मैया बोल पड़ी
लाला तेरे सिवा ना 
किसी को चाहा है
और माँ तो सदा 
बेटे को देती आई है
तू जो चाहे मुझसे मांग लेना
मेरा तो जीवन धन
सर्वस्व तू ही है कान्हा
सुन कान्हा रो पड़े
तुझसा निस्वार्थ प्यार
मैया मैंने कहीं ना पाया है
तभी तो तेरे प्रेम के लिए
मैं धरती पर आया हूँ 
ऐसा अटल प्रेम था माँ का
तभी तो मैया ने ना
 कभी कृष्ण कहा
उसके लिए तो उसका कान्हा
सदा कान्हा ही रहा 
गर्गाचार्य को दान दक्षिणा दे विदा किया
 नित्य आनंद यशोदा के आँगन
बरसने लगा
बाल रूप में नन्द लाल 
अठखेलियाँ करने लगे
मैया आनंद मग्न 
कान्हा को खिलाती रही
और ब्रह्मा से मानती रही
 कब मेरा लाला
घुट्नन  चलेगा
 कब दंतुलिया निकलेंगी
कब लाला मुझे
 मैया कहकर पुकारेगा
मैया रोज ख्वाब सजाती है
ब्रह्मा से यही मानती है 
वक्त यूँ ही गुजरता रहा 
कान्हा के अद्भुत रूप पर
गोपियाँ मोहित होती रहीं


क्रमशः : ..............

मंगलवार, 20 सितंबर 2011

कृष्ण लीला …………भाग 14

भोलेनाथ को देख 
प्रभु ने रुदन बन्द किया
दर्शन पाकर भोलेनाथ
का जीवन सफ़ल हुआ 
लाला का रुदन बंद देख मैया 
तुरंत योगी के चरणों में झुक गयी
और कान्हा का सिर भी
योगी के चारों में झुका दिया
ये देख भोलेनाथ को दुःख हुआ
मेरे प्रभु मेरे चरणों में शीश झुकाते हैं
कैसे इससे उॠण हुआ जाये
कोई उपाय अब किया जाये
अभी जोगी सोच में था
तभी मैया बोल पड़ी
बाबा तुम तो अंतर्यामी हो
जब से लाला हुआ
रोज संकट आते हैं
जरा इसका भाग्य बांच देना
सुन योगी ने प्रभु के
कोमल हाथों को स्पर्श किया
और उस कोमलता के सागर में डूब गया
जिस ब्रह्म का पार समाधि में
भी नहीं पाता हूँ
आज उन्हें बाल रूप में पाया है
ये देख जोगी का ह्रदय भर आया है
फिर खुद को सावधान किया
और कहने लगे
मैया तेरा बालक साधारण नहीं
ये तो साक्षात् भगवान का अवतार है
तुम ना कोई चिंता करना
सब संकट मिट जायेंगे
माओं की जो सोच होती है
उसी अनुसार मैया बोली
बाबा ये बताओ मेरा लाला
कुछ पढ़ेगा लिखेगा या नहीं
और ये इतना काला है
कोई दुल्हन भी इसे
मिलेगी या नहीं
तब भोलेनाथ बोल उठे
मैया ये तो सभी
गुणों की  खान है
सारी विद्याओं में निपुण होगा
और तुम इसके विवाह की तो
बस पूछो ही नहीं
तुम एक की बात करती हो
इसके तो विवाह अनेक होंगे
सुन मैया बोली बाबा
क्यूँ ठिठोली करते हो
माना बूढी हूँ मगर तुम्हारी बातों में नहीं आउंगी
मैया क्या जाने ये त्रिकालदर्शी बैठे हैं
उसने तो इक साधारण बाबा जाना है
मगर भोलेनाथ बोल पड़े
विश्वास नहीं तो कोई बात नहीं
जब बड़ा होगा तब याद करना मेरी बातें
अब हमें जाना होगा
सुन मैया बोल पड़ी
बाबा बड़ी कृपा करी
लाला को चुप करा दिया
उसका भाग्य भी बता दिया
अब ये बताओ
फिर तो ना ये ऐसे रोयेगा
इतना सुनते ही भोलेनाथ को
उपाय मिल गया
बोले मैया ये तो तभी होगा
जब तुम्हारे लाला के चरण
मेरे सिर पर होंगे
सुन मैया घबरा गयी
बोली ऐसा पाप नहीं कर सकती
साधू की चरण धूलि हम
गृहस्थों का जीवन धन है
उनके सिर पर लाला का
पाँव नहीं रख सकती
बात बिगडती देख भोलेनाथ बोल उठे
अरे नहीं री मैया , तू बड़ी भोली है
ये बात नहीं है
मेरे बालों में एक बूँटी है
जिसके छूने से लाला की
हर विपदा टल जाएगी
मगर मेरे बालों की
कैसे जटायें बनी हैं
वो उसमे फँसी पड़ी है
मैं निकाल ना पाऊंगा
इसलिए कहता हूँ मान जाओ
इससे तुम्हें पाप नहीं चढ़ेगा
ये तो औषधि का स्थान है
रोगी की बीमारी का यही निदान है

सुन मैया ने सोचा
होगी सो देखी जायेगी
मगर मेरा लाला तो 
फिर से ना रोवेगा
चाहे पाप कितना सिर पर
चढ जाये पर
लाला मेरा हँस जाये
उसके लिये तो 
हर पाप सिर पर लूँगी
बाबा दोबारा नही मिला
तो कहाँ फिर खोजूँगी
ये सोच
मैया ने बाबा के सिर पर
कान्हा के चरण छुआ दिए
प्रभु के चरणों का स्पर्श पा
भोलेनाथ प्रसन्न हुए
आनंदातिरेक से भर गए
आज्ञा ले वहाँ से फिर
भोलेनाथ ने प्रस्थान किया
प्रभु के दर्शन पा जीवन धन्य किया 





क्रमश:---------

शुक्रवार, 16 सितंबर 2011

कृष्ण लीला ---------भाग 13

जाकर योगी बैठ गया ध्यान में
कर रहा करुण पुकार है
भोले नाथ ध्यान में विनती करते हैं
प्रभु दर्शन को नैना तरसते हैं
क्या इतने पास होकर भी
दर्शन नहीं होंगे
अविरल धार अँखियों से बहती है
सुन कर करुण पुकार
कान्हा मचल गए
भक्त के आँसुओं पर
भगवान रीझ गए
कैसे भक्त को रोता देख सकते थे
इसलिए साथ देने को
खुद ने भी रुदन मचाया है
जिसे देख यशोदा का मन घबराया है
मैया ने हर उपाय किया
मगर कान्हा का ना
रुदन बंद हुआ
नन्द बाबा को जब पता चला
हकीम  वैद्य का हर उपचार किया
जाने कितने टोटके किये
मगर सभी बेअसर रहे
नज़रें कितनी उतारी हैं
मगर कान्हा का मुँह
खुला तो खुला ही रहा
देख मैया बाबा परेशान हुए
रात सारी आँखों में कट गयी
सुबह शांडिल्य ऋषि आये हैं
दोनों पति -पत्नी चरणों में गिर गए
देखो गुरुदेव लाला चुप ना होता है
सुन बाबा ने भी सभी उपाय किये
मगर लाला का रुदन चलता रहा
ये देख शांडिल्य मुनि को अचरज हुआ
मेरा उपाय ना कभी निष्फल हुआ
आज कौन सा नया कारण हुआ
सोच  मुनि ने ध्यान किया
आँखों के आगे भोलेनाथ का दर्श किया
माजरा सारा समझ गए
आँख खोल पूछने लगे
यहाँ कोई आया था क्या
सुन यशोदा बोल पड़ी गुरुदेव
इक जोगी आया था
विकराल वेश उसने बनाया था
 
बस तभी से तो लाला रोता है
सुन मुनि ने कहा
जाकर उसको बुला लाओ
वो ही तुम्हारे लाला को
चुप करावेगा
अन्यथा धरती पर नहीं है कोई
जो उसे चुप करा सके
माँ- बाप का प्यार हार गया
पुत्र मोह में मैया ने
अपना हठ त्याग दिया
गोपी पालकी लेकर तुम जाओ
बाबा को आदर सहित ले आओ
गोपी ने जाकर योगी को
मैया का सन्देश सुनाया है
मगर योगी ने तो
समाधि में ध्यान लगाया है
योगी यहाँ होता तो
गोपी की वाणी सुन पाता
वो तो ध्यानमग्न बैठा है
अपने प्रभु के पास 

ध्यान मे ही पहुँचा है
उनसे बातों में उलझा है
क्यूँ प्रभु इतनी देर लगायी है
दास की सुध ना आई है

कौन सा ऐसा अपराध हुआ
जो ना द्वारे पर दर्श हुआ
भाव विह्वल भोलेनाथ 
अविरल अश्रु बहाते हैं
इधर गोपी आवाज़ें लगाती है
पर भोले बाबा के कान तक
ना पहुंच पाती है
जब बाबा ने ना कुछ सुना
तब गोपी ने योगी को
पकड़ के हिला दिया
बाबा मैया बुलाती है , संदेसा दिया
पालकी भिजवाई है
तुम्हारी हठ के आगे हारी है
सुन महादेव मुस्कुराये हैं
मन ही मन में सोचते हैं

वाह रे प्रभु !
तुम्हारी लीला न्यारी है
कभी द्वार आये को धकियाते हो
कभी पालकियों में बुलवाते हो

मन ही मन नमन करते हैं
और गोपी की वाणी
सुन जोगी प्रफुल्लित हुआ
प्रभु के पास जाने को
पैदल ही उद्यत हुआ 



क्रमश:……………

शुक्रवार, 9 सितंबर 2011

कृष्ण लीला ………भाग 12

इधर भोले बाबा को भी भान हुआ
मेरे राम ने कृष्ण अवतार लिया
दर्शन को नैना मचल गए
तुरंत ताज़ा भस्म लगाने लगे
जिसे देख पार्वती मैया
ने जान लिया
भोले बाबा कहीं जाते हैं , ताड़ लिया
जब पूछा कहाँ जाते हो
तो बाबा ने ये कह टाल दिया
कहीं नहीं बस नीलगिरी तक जाते हैं
जानते थे बाबा गर इन्हें बता दिया
तो ये भी जाने की जिद करेंगी
और इनकी जिद का परिणाम
पिछले जन्म में भुगत चुका हूँ

सती रूप मे जब आयी थीं
तब जिद के वशीभूत हो
परित्याग करना पडा
अब लेकर गया तो 
जाने क्या नया होगा
इसलिये कह दिया
मगर बाबा ने ना झूठ कहा
बल्कि पहले नीलगिरी
पर ही प्रस्थान किया
वहाँ कागभुशुंडी को साथ लिया
बना विप्र वेश गोकुल में प्रवेश किया
पनघट पर जाकर अलख जगाया है
कागभुशुंडी ने चेले का रूप बनाया है
पनघट पर गोपियों से जा बतियाने लगे
अपने गुरु के गुणगान गाने लगे
अगले पिछले सभी जन्मों का हाल बताने लगे
अंतर्यामी गुरु की महिमा गाने लगे
सुनकर गोपियों का दिल मचल गया
जब से लाला आया है
रोज उपद्रव होता है
सोच यशोदा को खबर 

देने  का विचार किया
बाबा बैठो ज़रा

यशोदा मैया को बुलवाते हैं
और इक गोपी को यशोदा को
लिवाने भेज दिया
जाकर बोली गोपी
मैया एक जोगी आया  है
तेजपुंज दिव्य जोत जगाया है
लाला का हाथ दिखा देना
उसका भाग्य जना लेना
सुनकर यशोदा तैयार हुई
जोगी को यहीं  लाने का आदेश दिया
गोपी ने जाकर योगी को बतलाया है
सुनकर जोगी का ह्रदय मचलाया है
प्रभु के दर्शन इतने सुलभ होंगे
ये सोच -सोच इतराता है
जोगी प्रभु प्रेम में मदमाता है
इधर मैया ने दरवाज़ा बंद किया
ये कैसा जोगी आया है
जानने को खिड़की से दर्शन किया
जोगी का रूप देख
मैया का ह्रदय दहल गया
साँप ,कांतर , बिच्छू लटक रहे हैं

बडी जटायें बिखरी पडी हैं
भस्म शरीर पर लगायी है
जिसे देख यशोदा घबराई है
ये किसको लेकर आई है जान गयी
गोपी ने जब दरवाज़ा खोलने को कहा
मैया ने तब ही बाहर का रास्ता बता दिया
मैं ना खोलूंगी ये किसको लायी है
लाला मेरा देखेगा डर जावेगा
जब मैं पगलायी जाती हूँ
वो तो अभी सुकुमार है
सुनकर गोपी मिन्नतें करने लगी
बड़ा पहुँचा जोगी है
मैया को बतलाने लगी
क्यूँकि जोगी की महिमा

वो तो जान गयी थी
पर मैया के आगे उसकी ना एक चली
सुनकर भोलेनाथ घबरा गए
बोले मैया भिक्षा को आया हूँ
सुन मैया थाल भर अनाज ले आई
जोगी बोला नहीं चाहिए ये माई
तब मैया हीरे जवाहरात के थाल भर लायी
देख जोगी बोला क्या करूंगा
इन कंकर  पत्थर का मैं माई
तू घबरा मत मैया
मैं पूतना , शकटासुर या
तृनावर्त  नहीं हूँ माई
सुन कर मैया का मुख सूख गया
ये तो उनको भी जानता है
जरूर उन्ही के कुल का होगा
बोली बाबा ये सब ले जाओ
जोगी बोला बस मुझे तो मैया
लाला के दर्शन करवाओ
मैया बोली बाबा दर्शन ना करवाऊं
विकट रूप देख तुम्हारा
मेरा लाला डर जायेगा
जोगी बोला मैं तो आज
उसी के दर्शन करूंगा
बोला दर्श लालसा में
बहुत दूर से आया हूँ
सुन मैया बोली
कहाँ से आये हो
मैया मैं कांशी से आया हूँ
सुन मैया बोली
चाहे झाँसी से आओ या कांशी से
मैं ना दर्श कराऊँगी
बाबा बोले मैया दर्श करा दे
बड़ा उपकार होगा
सुन मैया ने मना किया
अब बाबा ने सोचा
मैया - मैया बहुत कर लिया
थोड़ी घुड़की देनी चाही
मान जा मैया नहीं तो
तूने योगी की हठ ना जानी
 मैया बोली बाबा यहाँ से
प्रस्थान करो
तुमने भी त्रियाहठ अभी
नहीं है जानी
एक माँ की ममता
नहीं है पहचानी
लग गयी ममता में और भक्त में
बाबा बोला तेरे गाँव के बाहर
आसन मैंने जमाया है
जब तक दरस ना कराओगी
अन्न जल का त्याग किया है





क्रमश:…………

रविवार, 4 सितंबर 2011

कृष्ण लीला………भाग 11

एक दिन यशोदा लाला को
दूध पिला रही थी
और उधर से कंस का भेजा

तृनावर्त आ रहा था
जब कृष्ण ने ये जाना
तब अपना भार बढ़ा दिया
ये सोच कहीं मैया को
साथ उठा ले गया
तो मैया तो मर जाएगी
उसे देख घबरा जाएगी

जब मैया का पाँव दुखा
तब मैया के उर मे सोच हुआ
लाला नेक सा तो है
फिर कैसे इतना भार बढ़ा
फिर कान्हा को पलने में सुला
अपने काम में लग गयी
इधर तृनावर्त धर बवंडर 

का रूप कान्हा को उठा ले गया
पहले तो कान्हा ने
उसके साथ सारे ब्रजमंडल का
अवलोकन किया

कहाँ कहाँ क्या लीला करनी है
हर जगह को देख लिया
फिर जैसे ही वो मथुरा की ओर जाने लगा
वैसे ही अपना इतना भार बढ़ा दिया
कि उसका काम वही तमाम किया

एक दिन यशोदा बड़े प्रेम से
लाला को स्तनपान करती थीं
बात्सल्य प्रेम से विह्वल हुई जाती थीं
जब कान्हा दूध पी चुके
और माता उनका मुख चूम रही थीं
तभी कान्हा ने जम्हाई ली
और माता  उनके मुख में
देख हतप्रभ हुई
अनगिनत
आकाश , अन्तरिक्ष, ज्योतिर्मंडल
दिशायें, सूर्य , चंद्रमा , अग्नि
समुद्र , वायु , द्वीप , पर्वत , वन
समस्त चर - अचर प्राणियों
का अवलोकन किया
करोड़ों ब्रह्माण्ड मुख में समाये थे
जिसे देख मैया को पसीना आया था

चकित मैया बुरी तरह काँप गयी
घबरा कर अँखियाँ बंद कर लीं
मैया को शंका थी कहीं
अधिक दुग्धपान से लाला को
अपच ना हो जाए
उस शंका का निवारण करना था
और मैया को दिव्य रूप दिखाना था
साथ ही ये भी बताना था-------
अरी मैया , तेरा दूध
अकेले मैं नहीं पीता हूँ
समस्त विश्व इसका
पान कर रहा है
तेरे दुग्ध से ही समस्त
विश्व का भरण - पोषण होता है
मगर माता तो आँख बंद कर डर गयी
और ख्यालों में पहुँच गयी
कहाँ ऐसा हो सकता है
लाला के मुख में कैसे
पूरा ब्रह्माण्ड दिख सकता है
इसे अपनी बूढी आँखों
का भरम जाना
और कान्हा को ह्रदय से लगा लिया
कितनी भोली थी मैया
ये लाला ने जान लिया
इसी निश्छल प्रेम को पाने को
विश्वभरण ने अवतार लिया 




क्रमश:……………

मंगलवार, 30 अगस्त 2011

कृष्ण लीला ……भाग 10


सत्ताईस दिनों में 


फिर वो ही नक्षत्र पड़ा था
 
आज कान्हा ने भी


करवट लिया था
 
नन्दभवन में 


आनंद उत्सव मन रहा था
 
ब्राह्मन स्वस्तिवाचन कर रहे थे

 
नन्द बाबा दान कर रहे थे

 
मेरा लाला अभी अभी सोया है

 
गोपियाँ आएँगी तो बड़ा सताएंगी

 
कोई गाल  खिंचेगी तो कोई गले लगाएगी

 
मेरे लाला की  नींद बिगड जाएगी
ये सोच मैया ने एक छकड़े में
कपडा बाँध लाला को लिटा दिया
अब मैया गोपियों के संग
नाचने गाने लगी
कान्हा के लिए उत्सव मनाने लगी

वहाँ तो बात बात मे उत्सव मनता था
लाला ने करवट ली जान 
आनन्द मंगल होने लगा
इधर कंस का भेजा शकटासुर आया था
और छकड़े में आकर छुप गया था
जब कान्हा ने देखा ये मुझे मारना चाहता है
तब कान्हा ने रोना शुरू किया
सोचा कोई होगा तो मुझे उठा लेगा
मगर मैया तो नाचने गाने में मगन थी
और आस पास ग्वाल बाल  खेल रहे थे
मगर किसी ने भी ना कान्हा का रोना सुना
जब देखा कान्हा ने सब अपने में मगन हुए हैं
तब कान्हा ने धीरे से अपना पैर उठाया है
और छकड़े को जोर लगाया है
पैर के छूते  ही छकड़ा उलट गया
और सारा दधि  माखन बिखर गया
कपडा भी फट गया
और कान्हा नीचे गिर गया
मगर शकटासुर का काम  तमाम हुआ
इधर जैसे ही सबने शोर सुना
गोप गोपियाँ दौड़े आये
और आपस में बतियाने लगे
ये छकड़ा कैसे पलट गया
कोई आया भी नहीं
कोई उल्कापात भी नहीं हुआ
कहीं से कोई आँधी  नहीं चली
पृथ्वी में भी ना कम्पन हुआ
फिर छकड़ा कैसे उलट गया
तब वहाँ खेलते ग्वाल बाल बोल उठे
ये लाला ने पैर से उल्टा दिया
मगर उन्हें बच्चा जान
किसी ने ना विश्वास किया
फिर नंदबाबा ने शान्तिपाठ करा
ब्राह्मणों का आशीर्वाद दिलाया
और लाला को गले लगा लिया


क्रमश:…………

बुधवार, 24 अगस्त 2011

कृष्ण लीला………भाग 9

करने लगे विचार ग्वाल बाल
कैसे करें दाह संस्कार
राक्षसी बहुत बडी थी
अट्ठारह कोस में थी गिरी
कुल्हाड़ी से उसके
अंगों को काट काट
एकत्र किया और जला दिया
दिव्य सुगंधित धुंआ जब उठा
ग्रामवासियों का अचरज का
ना पारावार रहा
मगर जिसे ठाकुर ने छू लिया हो
जिसका  स्तनपान किया हो
फिर चाहे वो कितना बड़ा पापी हो
स्पर्श से पापमुक्त हो जाता है
और भगवान सी दिव्यता पा जाता है
जो गति बाद में यशोदा को पानी थी
वो आज प्रभु ने पूतना को दे डाली थी
क्यूँकि स्तनपान माँ का किया जाता है
इस कारण परमगति की  अधिकारिणी जाना
और माँ की  पदवी दे मुक्त किया
ऐसे दयालु प्रभु का क्यों ना कोई चिंतन करे
जो उन्हें मारने आता है
उसे भी परमगति जो देते हैं
ऐसे दीनदयालु प्रभु कहाँ मिलते हैं
इतनी सी बात मानव ना समझ पाता है

पूतना वध सुन कंस घबरा गया
मुझे मारने वाला गोकुल में है जान  गया 
सभासदों को अति द्रव्य का लालच दिया
लालचवश ब्राह्मण श्रीधर बोल उठा
ये कार्य मैं संपन्न करूंगा
राजन तुम ना चिंता करो
उस बालक को मार तुझे अभय दूंगा
पंडित का वेश बना
यशोदा के पास पहुँच गया
और बालक का दिव्य हाल कहा
मीठी मीठी बातों से जब
यशोदा का विश्वास जीत लिया
तब यशोदा बालक को ब्राह्मण के पास
छोड़ स्नान को चली गयी
मगर कन्हैया तो सब चाल जान  गए थे
ब्राह्मण की कुटिल इच्छा  को ताड़ गए थे
उसकी खोटी इच्छा जान
पालने  से उतर पड़े
ब्राह्मण की जिह्वया मरोड़ डाली
दूध- दही मुँख पर लिपटा डाली
बर्तन सारे फोड़ दिए
मगर क्यूँकि ब्राह्मण था
इसलिए जीता छोड़ दिया
और फिर जा पालने  में लेट गए
यशोदा ने जब आकर देखा
ब्राह्मण के मुँह पर दधि -माखन लिपटे देखा
बर्तनों को फूटा देखा
तो यशोदा बोल उठी
महाराज खाना तो खा लेते मगर
बर्तन काहे  फोड़ डाले
उसने कन्हैया की तरह इशारा किया
जुबान तो पहले ही ऐंठ चुकी थी
मगर मैया ने ना विश्वास किया
क्रोधित हो ब्राह्मण को बुरा भला कहा
महाराज मेरा लाल अभी पलने में लेटा है
कैसे आपकी बात मानूं
वो कैसे ऐसा कर सकता है
क्यूँ झूठ बोल रहे हो
ब्रह्मत्व को कलंकित कर रहे हो
इतना कह ब्राह्मण को निकलवा दिया
रोता ब्राह्मण कंस के पास आया
ब्राह्मण का हाल देख
कंस घबरा गया
मेरा हाल यही होना है जान  गया 
 
 
क्रमश:…………

बुधवार, 17 अगस्त 2011

कृष्ण लीला ………भाग 8

इधर पूतना कान्हा को
दूध पिलाने लगी
सबसे पहले कान्हा ने उसके
विष को पीया
फिर उसके दूध को पीया
और फिर उसके प्राणों
का रोधन करने लगे
अब पूतना चिल्लाई
अरे लाला छोड़ अरे लाला छोड़
कह कर आकाश में उड़ चली
और मानो कान्हा कह रहे हों
मौसी जी मैं तो पकड़ना जानता हूँ
छोड़ना मुझे कहाँ आता है
जो पकड़ कर छोड़ दे
ये तो मनुष्यों को भाता है
मगर मेरा तो तुमसे
जन्मों पुराना नाता है
पूतना कोई और नहीं
पिछले जन्म में
बलि की बहन थी
जब वामन अवतार में
भगवान बलि के
द्वार गए थे
तब उनके रूप को देख
मन में विचार ये आया था
हाय कितना सलोना बालक है
अगर मेरा होता तो मैं
अपना दूध उसे पिलाती
और जब वामन भगवान ने
बलि का सारा साम्राज्य लिया
तो उसके दिल में आया था
अगर ये मेरा बेटा होता
तो यहीं ज़हर देकर मार देती
बस आज उसी की 
इच्छा को मान दिया था
उसी की चाह को पूर्ण किया था
साथ ही अपने 
पतित पावन नाम को
सिद्ध किया था
कुछ ऐसे कान्हा ने उसका अंत किया
ब्रजवासियों को भयमुक्त किया
अट्ठारह कोस में जाकर उसका शरीर गिरा
ब्रजवासी अचंभित देख रहे थे
कान्हा उसके वक्षस्थल पर खेल रहे थे
यशोदा ने जब देखा
दौड़ कर कान्हा को उठा लिया
और फिर मुड़कर पूतना को देख
बोल उठी .......हाय राम इतनी बड़ी!
जब तक शिशु की ममता
प्रबल बनी थी
तब तक ना दृष्टि
पूतना पर पड़ी थी
जब लाला को अपने उठा लिया
तब जाकर पूतना का अवलोकन किया
यही तो माँ की ममता निराली थी
जिसे पाने को आतुर कृष्ण मुरारी थे
गोपियाँ सारी डर गयी थीं
लाला को किसी की बुरी नज़र लग गयी
सोच उपाय करने लगी थीं
पहले ठाकुर जी को
गोमूत्र से स्नान कराया
फिर गौ रज लगायी
फिर गोबर से स्नान कराया
फिर गंगाजल से नहलाया
गाय की पूँछ से झाडा देने लगीं
साथ ही उच्चारण करने लगीं
और देवताओं का आवाहन करने लगीं
और कन्हैया मुस्काते रहे
और मन में सोचते रहे
कितनी भोली है मैया
नहीं जानती मैं ही हूँ सबका खिवैया
पर प्रेम पाश में बंधे प्रभु
आनंद मग्न होते रहे
और बालक होने का सुख भोगते रहे
क्रमश:…………

मंगलवार, 9 अगस्त 2011

कृष्ण लीला -------भाग 7

इधर कान्हा की छटी मनाई जाती थी
उधर पूतना अप्सरा बन
गोकुल में आ गयी थी
यशोदा से आकर
मीठी बातें करने लगीं
मैया सोचने लगी
ये कौन है?
अब तक तो कभी देखा नहीं
मगर अगले ही पल सोचने लगी
शायद भूल गयी हूँ
बुढ़ापे में तो लाला आया है
अब पूछूंगी  कौन है तो
कहीं नाराज ना हो जाये
ये सोच मैया हँस हँस कर
उससे बतियाने लगीं
और फिर लाला को
उसकी गोद में दे
 उसके लिए
जलपान लेने के लिए
अन्दर चल गयी

जैसे ही लाला को
पूतना ने गोद में लिया था
कहाँ तो हँस - हँस कर
माँ - बेटे बतिया रहे थे
और अब पूतना को देख

कान्हा ने नेत्र बंद किये थे

यहाँ विज्ञजनो ने
प्रभु नेत्र बंद करने के
अलग अलग भाव
बतलाये हैं 
गर्ग संहिता मे तो
नेत्र बन्द करने के
108 भाव बताये हैं 
कुछ प्रस्तुत करते हैं
जिनमे से कुछ
आपके सम्मुख आये हैं
पहली लीला करने जा रहा हूं
ये सोच मानो कान्हा
मंगलाचरण कर रहे हों
मानो सोच रहे हों
दृष्टि ,वृष्टि और ट्रस्टी
इन पर भरोसा नही करना चाहिये
दृष्टि कब दूषित हो जाये
वृष्टि कब हो जाये
और ट्रस्टी कब बदल जाये
भरोसा नही
दृष्टि दोष ना हो जाये सोच
मानो कान्हा ने आँखे बन्द कर ली हों
जैसे शूर्पनखा को देख
राम ने आँखे बन्द कर ली थीं
ज्यादा देखने से भी
विकार आ जाता है 
बिना पुण्य के 
कोई मेरी तरफ़ आता नही
लेकिन ये कैसे आ गयी
मानो आँख बन्द कर देख रहे हो
किस जन्म का पुण्य 
इसे मेरे सम्मुख लाया है 
नेत्र मिलने से प्रीती हो जाती है
प्रीती हो गयी तो कैसे मारूंगा
मानो ये सोच कान्हा ने 
नेत्र बन्द कर लिये

कान्हा सोचने लगे
पूतना है अविज्ञा
अविज्ञा यानि माया
और मैं हूँ मायापति
कैसे इसके दर्श करूँ
गर नेत्रों ने देख लिया
तो सामने ना टिक पायेगी
इसकी सारी असलियत खुल जाएगी
और मेरी लीला अधूरी रह जाएगी
इसलिए नेत्र बंद कर लिए

या यूँ सोचने लगे
ये माई ज़हर पिलाने आई है
पर मैं तो यहाँ
माखन मिश्री खाने आया हूँ
कैसे ज़हर ग्रहण करूँ
ज़हर पीना नहीं आता है
वो तो भोलेनाथ का काम है
मानो नेत्र बंद कर
भोलेनाथ का आह्वान कर रहे हों

या फिर शायद नेत्र
यूँ बंद कर लिए
मानो उसके पूर्व जन्मों
को देख रहे हों
उसके पुण्य पापों का
लेखा जोखा कर रहे हों

या शायद सोच रहे थे
मुझे निडर देख यूँ ना समझ ले
कहीं मेरा प्रभाव चला नहीं
और वापस मुड जाये
और लीला अधूरी रह जाये

या शायद इसलिए कि
आते ही स्त्री से मुठभेड़ हो गयी
विरक्ति भाव से नेत्र बंद कर लिए

या माता का वेश धर के आई है
और अपना दूध पिलाने आई है 
और माता को मारना पाप है
सोच नेत्र बंद कर लिए

या बच्चों को मारने आई थी
वो थे सब भगवद भक्त
और भक्तों का अनिष्ट कोई करे
उसका मुख कान्हा देखें कैसे
मानो इसलिए आँखें बंद कर लीं

या पूतना माया से
दिव्य रूप रख कर आई थी
और भगवान की दृष्टि
पड़ने से माया का
पर्दा हट जाता
और पूतना का
असली वेश प्रगट हो जाता
सारे ब्रजवासी डर जायेंगे
सोच कान्हा ने नेत्र बंद कर लिए

या भगवान के उदर  में
निवास करने वाले
असंख्य कोटि जीव
घबराने लगे
कान्हा पूतना के स्तनों में लगा
हलाहल पीने जा रहे हैं
मानो उन्हें समझाने को
कन्हैया ने नेत्र बंद किये हों

या मानो किसी अपरिचित को देख
कान्हा ने नयन मूँद लिए हों 
 ना जाने भक्तो ने 
क्या क्या भाव बताये हैं
ये भक्तो के प्रेम की
पराकाष्ठा है जो
नेत्र बंद करने के
इतने मधुर भाव बतलाये हैं


क्रमश: ……………

शुक्रवार, 5 अगस्त 2011

कृष्ण लीला ………भाग 6



इधर यशोदा जी की जब आँख खुली
चंद्रमुखी बालक को देख प्रसन्न हुईं
आनंद मंगल मन में छा गया
नन्द बाबा को समाचार पहुंचवा दिया
घर घर मंगल गान होने लगे 
सब नन्द भवन की तरफ़ दौडने लगे
सबके ह्रदय प्रफुल्लित होने लगे
प्रेमानंद ब्रह्मानंद छा गया
गोप गोपियों में
हर्षोल्लास छा गया
गोपियाँ नृत्य करने लगीं
मंगल वाद्य बजने लगे
मंत्रोच्चार होने लगे
नन्द बाबा दान करने लगे
नौ लाख गाय दान कर दी हैं 
पर फिर भी ना कोई गिनती है
बाबा हीरे मोती लुटाने लगे
सर्वस्व अपना न्योछावर करने लगे
जिसने पाया उसने भी ना
अपने पास रखा
दान को आगे वितरित किया
आनन्द ऐसा छाया था
ज्यों नन्दलाला हर घर मे आया था
साँवली सुरतिया मोहिनी मूरतिया
हर मन को भाने लगी
हर सखी कहने लगी
लाला मेरे घर आये हैं
किसी को भी ना ऐसा भान हुआ
लाला का जन्म नन्द बाबा घर हुआ
हर किसी को अहसास हुआ
ये मेरा है मेरे घर जन्मा है
देवी देवता ब्राह्मण वेश धर आने लगे
प्रभु दर्शन पा आनंदमग्न होने लगे
बाल ब्रह्म के दर्शन कर 
जन्म सफ़ल करने लगे
रिद्धि सिद्धियाँ अठखेलियाँ करने लगीं
ब्रजक्षेत्र लक्ष्मी का क्रीड़ास्थल बन गया
रोज आनंदोत्सव होने लगा 
इधर कंस का उदघोष सुना है
नन्द बाबा का मुख सूख गया है
आपस मे विचार किया
कंस को मनाने और कर देने के लिए
नन्द बाबा ने मथुरा को प्रस्थान किया
ताकि उनके लाला पर ना
कंस की कुदृष्टि पड़े
जब से सुना था बालकों का
वध करने का आदेश पारित किया है
तब से नन्द बाबा ने विचार किया
और जाकर मथुरा
कंस का भुगतान किया
अब वासुदेव से मिलने का
फ़र्ज़ भी निभाया
मित्रों ने हाल आदान प्रदान किये
कंस से बच्चों को बचाने के
उपाय तय किये
अब नन्द बाबा को जाने को कहा
इधर कंस को चैन ना पड़ता था
रात दिन उसे अपने 
मारने वाला ही दिखता था
अपने मत्रिमंड्ल से मशवरा किया
और
पूतना को कान्हा को
मारने का काम दिया

मंगलवार, 2 अगस्त 2011

कृष्ण लीला ………भाग 5

इतना कह भगवान ने
बालक रूप धारण किया
और वसुदेव ने सूप में
भगवान को रख लिया
जैसे ही पहला कदम बढाया है
हथकड़ी बेड़ियाँ सारी खुल गयीं
ताले सारे टूट गए
दरवाज़े सारे खुल गए
बाहर बरखा रानी
अपना रूप दिखाने लगी

घटाटोप अंधियारा छाया है
घनघोर अँधेरे में
यमुना भी ऊपर चढ़कर
आने लगी
ठाकुर के चरण स्पर्श
करने को अकुलाने लगी
शेषनाग ने ऊपर भगवान के
छाँव करी
वसुदेव ठाकुर को बचाने को
हाथ ऊपर करने लगे
और यमुना भी रह रह
उफान पर आने लगी
चरण स्पर्श की लालसा में
हुलसाने लगी
अपने सभी प्रयत्न करने लगी
प्रभु ने सोचा
ये ऐसे नहीं मानेगी
कहीं बाबा ना डूब जायें
सोच प्रभु ने
अपने चरण बढ़ा
यमुना का मनोरथ पूर्ण किया
कल - कल करती
यमुना नीचे उतर गयी
हरि चरण के स्पर्श से
वो तो पावन हो गयी
गोकुल में नन्द द्वार खुला पाया
यशोदा के पास ठाकुर को लिटा
नव जन्मा कन्या को उठा लिया
इधर देवकी बेचैन हो रही थी
तभी वासुदेव जी पहुँच गए
कन्या को ला देवकी को दिया
देते ही किवाड़ और ताले बंद हो गए
हथकड़ी बेड़ियाँ वापस लग गयीं
तभी कन्या रोने लगी
रोना सुन पहरेदार जाग गए
दौड़े गए कंस के पास समाचार सुनाया
आपके शत्रु ने जन्म ले लिया
इतना सुन गिरता पड़ता
नंगी तलवार ले कंस
कैदखाने में पहुँच गया
देवकी के हाथ से
कन्या को छीन लिया
देवकी चिरौरी करने लगी
भैया तुम्हें डर तो आठवें पुत्र से था
मगर ये तो कन्या है
इसने क्या बिगाड़ा है
मगर कंस ने ना एक सुनी
उसे तो नारद जी की वाणी याद थी
जैसे ही कन्या को पटकने लगा
हाथ से वो छिटक गयी
और आसमाँ में पहुँच
दुर्गा का रूप लिया
जिसे देख कंस
थर थर कांप गया
सोचने लगा शायद
इसी के हाथों मेरी मृत्यु होगी
तभी देवी ये बोल पड़ी
हे कंस ! तुझे मारने वाला
और पृथ्वी का उद्धार करने वाला
तो बृज में जन्म ले चुका है
और तेरे पापों का अब घड़ा भर चुका है
इतना कह देवी अंतर्धान हुई
ये सुन कंस लज्जित और चिंतित हुआ
मन में विचार ये करने लगा
मैंने व्यर्थ की इन्हें इतना दुःख दिया
और देवताओं की बात का विश्वास किया
देवता तो शुरू से झूठे हैं
सारी बातें अपने
मंत्रिमंडल को बतला दीं
तब सब ये बोल उठे
राजन आप ना चिंतित हों
अगर उसने जन्म लिया है
तो अभी तो वो
मारने योग्य नहीं होगा
बालक रूप में इतनी शक्ति कहाँ
आज्ञा हो तो इन दिनों जन्मे
सभी बच्चों को मार डालें
उसके साथ वो भी ख़त्म हो जायेगा
आपका कांटा सदा के लिए मिट जायेगा
ये उपाय कंस के मन को भा गया
और उसका पाप का घड़ा
और भी भरने लगा






बुधवार, 27 जुलाई 2011

कृष्ण लीला ………भाग 4

जब प्रथम पुत्र उत्पन्न हुआ
वासुदेव ने लाकर कंस को दिया
शिशु को देख कंस का दिल पसीज गया
ये बालक है मेरा क्या बिगाड़ेगा
मुझे डर तो आठवें से है
ये तो पहला है ,सोच छोड़ दिया
पर कान के कच्चे पर
कोई कैसे करे विश्वास
हरि इच्छा से नारद जी
पहुंचे कंस के पास
एक फूल के माध्यम से
सारा सच समझा दिया
और हर पंखुड़ी को फूल की
आठवां गिना दिया
इतना सुन कंस ने
बालक को बुलवा लिया
और पत्थर पर पटक
बालक का प्राणांत किया
वासुदेव देवकी को
कारागार में डाल दिया

उनके छहों पुत्रों को
इसी तरह मार दिया 
सातवें पुत्र के रूप में
शेषनाग का अवतार थे
जो भगवान के प्रिय भक्त थे
भक्त का अहित भगवान
होने देते नहीं
उसके लिए सृष्टि के
नियम ताक पर रख देते हैं
 सातवाँ गर्भ वासुदेव की
दूसरी पत्नी रोहिणी के गर्भ में
स्थानांतरित किया
और सारे में ये फ़ैल गया
देवकी के गर्भपात हुआ
इतना सुन कंस खुश हुआ
सोचा मेरे डर से बालक
ने ना जन्म लिया
अब वैकुंठनाथ
जगत मंगल के लिए
गर्भ में आ गए
सब मंगल जग में छा गए
मुख कान्ति देवकी की
चमकने लगी
जिसे देख कंस की नींद
उड़ने लगी
मन ही मन कंस
डरने लगा
हर ओर सोते जागते
कृष्ण का चिंतन करने लगा
हर तरफ उसे 

बाल गोपाल दिखने लगा
वैर से ही सही वो
भगवान का स्मरण करने लगा
कंस ने पहरे कठिन बैठा दिए
सात ताले कोठरियों में लगवा दिए
भगवद जन्म  के समय
देवता सारे आ गए
अदृश्य रूप से स्तुति
प्रभु की करने लगे
प्रभु को पृथ्वी का
भार हरण करने के लिए
जल्द जन्म लेने को कहने लगे
जब से वैकुंठनाथ गर्भ में आये
परमानन्द छाने लगा था
बिन ऋतुओं के भी 

वृक्षों पर फल फूल आने लगे
ग्रह , नक्षत्र , तारे
सौम्य शांत होने लगे
दिशायें स्वच्छ प्रसन्न होने लगीं
तारे आकाश में जगमगाने लगे
घर घर मंत्राचार होने लगे
हवानाग्नी स्वयं प्रज्ज्वलित
 होने लगी
मुनियों के चित्त प्रसन्न होने लगे
रात्रि में सरोवरों में
कमल खिलने लगे
शीतल मंद सुगंध वायु बहने लगी
देवता दुन्दुभी बजाने लगे
गन्धर्व ,किन्नर मधुर स्वर से गाने लगे
अप्सराएं नृत्य करने लगीं
जल भरे मेघ वृष्टि करने लगे
चारों तरफ प्रकृति में
हर्षोल्लास मनने लगे
भाद्रपद का महीना
अष्टमी तिथि, रोहिणी नक्षत्र
अर्ध रात्रि में जग नियंता
जगदीश्वर प्रभु ने
स्वयं को प्रगट किया
अंधियारी कुटिया में
उजियारा हो गया
वासुदेव देवकी कर जोड़
प्रभु की स्तुति करने लगे
स्तुति में अपनी व्यथा कहने लगे
तब प्रभु ने समझाया
जैसा मैं कहूँ
अब तुम वैसा ही करना
मुझे तुम नंदगाँव में
नंदबाबा के घर छोड़ आना
वहाँ मेरी माया ने जन्म लिया होगा
उसे यहाँ उठा लाना
मेरे भक्तों ने बहुत दुःख पाया है
अब कंस का अंत निकट आया है
ताले सारे खुल जायेंगे
रास्ते सारे तुम्हें मिल जायेंगे
जैसे पहला कदम उठाओगे
सब पहरेदार सो जायेंगे
किसी को कुछ भी
पता ना चलेगा
और अपना स्वरुप
पूर्ववत तुम  पा जाओगे

शनिवार, 23 जुलाई 2011

कृष्ण लीला………भाग 3

अब पृथ्वी बहुत घबरायी थी
गौ का रूप रख ब्रह्मा के पास आई थी
ब्रह्मा जी कहने लगे
इसका उपाय तो
विष्णु जी ही बताएँगे
और गौ को ले सभी देवता
महादेव सहित क्षीरसागर किनारे
करबद्ध प्रार्थना करने लगे
प्रभु तारनहारे
हमारी नैया पार लगा देना
जैसे ग्राह से गज को छुड़ाया
परशुराम अवतार लिया
पृथ्वी को क्षत्रिय रहित किया
ब्राह्मणों का उद्धार किया
राम रूप में भी
पृथ्वी का भार हरण किया
हर बार पृथ्वी के भार
को आपने दूर किया
इस बार भी उसकी
नैया पार लगाइए
अब देर ना लगाओ प्रभु
पृथ्वी भयातुर हो गयी है
आपकी शरण में आ गयी है
अब इसकी रक्षा कीजिये
पृथ्वी भार हरण के लिए
अब प्रभु अवतार लीजिये
स्तुति सुन आकाशवाणी हुई
पृथ्वी तुम डरो नहीं
जल्द मैं अवतार लूँगा
देवकी के गर्भ से जन्म लूँगा
यशोदा को  पालन का सुख दूंगा
जो भी सेवा करना चाहे
बाल लीलाओं का आनंद लेना चाहे
जाकर गोकुल में जन्म ले ले
इतना सुन सब आनंदमग्न हो गए
प्रभु गुणों को गाते
निज स्थानों पर गए
अब प्रभु जन्म की आस में
ज़िन्दगी बिताने लगे
देवताओं , गन्धर्व , किन्नर
ऋषि मुनि आदि ने
ब्रजक्षेत्र  में जन्म लिया
वेदों की ऋचाओं  ने
गोपी रूप धारण किया


इसके आगे शुकदेव जी कहने लगे
जब कंस का अत्याचार बढ़ा
तब उसने विचार किया
कुछ अच्छा कार्य करना चाहिए
सबके दिलों में सम्मान भी पाना चाहिए
इतना सोच उसने अपने
चाचा की लाडली देवकी का ब्याह तय किया
 देवकी का ब्याह कंस
वासुदेव से करने लगा
और बहुत धूम धाम से ब्याह किया
दान दहेज़ बहुत मन से दिया
प्रेम के वशीभूत हो
विदाई रथ को कंस
जब स्वयं हांकने लगा
तभी आकाशवाणी ने उद्घोष किया
जिसे इतने हर्ष से ले जाता है
उसी देवकी का आठवां पुत्र
तुझे चिरनिद्रा में सुलाएगा
तू काल के फंदे से ना बच पायेगा
इतना सुन कंस क्रोध से भर गया
अंग प्रत्यंग क्रोध  से जलने लगा
देवकी के बाल खींच जब
तलवार से उसे मारने लगा
तब वासुदेव जी ने विचार किया
अब ये इसकी बहन नहीं
मेरी भार्या है
और इसकी रक्षा करना
मेरा धरम होगा
वासुदेव धर्मनिष्ठ और सत्यव्रती थे
ये कंस जानता था
जब वासुदेव ने वचन दिया
अपना हर पुत्र तुम्हें भेंट करूँगा
चाहे जो कर लेना
मगर देवकी से कोई खतरा नहीं तुम्हें
इसलिए उसे छोड़ देना
सूर्य चंद्रमा को साक्षी जान
तुम्हें वचन मैं देता हूँ
इतना सुन कंस ने उन्हें छोड़ दिया



क्रमश:

सोमवार, 18 जुलाई 2011

कृष्ण लीला ----भाग 2

तब शुकदेव जी कहने लगे
आहुक राजा के दो पुत्र थे
देवक और उग्रसेन
उग्रसेन महाप्रतापी  राजा था
पवन रेखा  उसकी भार्या
अति सुन्दरी पतिव्रता थी
कालसंयोग से इक दिन
वनविहार के समय
बिछड़ गयी राजा और सखियों से
घने जंगल में पहुँच गयी
द्रुम्लिक नामक दैत्य के
मन को भा गयी
उसकी कुदृष्टि से बच ना पाई
राजा का धर वेश उसने
रानी का शील हरण किया
और फिर निज स्वरुप में आ गया
उसे देख रानी का कलेजा थर्राया
रानी ने राक्षस को धिक्कारा
और श्राप देने का उपक्रम किया
तब वो राक्षस  बोल उठा
रानी श्राप मत देना
तेरी बंद कोख को खोला है
और अपने धर्म का फल
तुझे दिया है
अब जो पुत्र तेरे उत्पन्न होगा
महाप्रतापी चक्रवर्ती राजा होगा
और परमेश्वर के हाथों
उसका उद्धार होगा
मैं पिछले जन्म का कालनेमि हूँ
हनुमान जी के हाथों मारा गया था
इतना कह राक्षस चला गया
पवन रेखा  ईश्वर इच्छा समझ
स्वयं को धैर्य देने लगी
जब शिशु जन्म का समय आया
पृथ्वी पर भारी उपद्रव हुआ
दिशायें सारी भयभीत हुईं
दिन में अँधियारा  होने लगा
बादल सिंह गर्जन करने लगे
दामिनी भी कड़कने लगी
वृक्ष धराशायी होने लगे
आंधियां तेज़ चलने लगीं
तारे टूटने लगे
उल्कापात होने लगे
ऐसे में बालक ने जन्म लिया

राजा ने पुत्र जन्म का
खूब उत्सव किया
दान दक्षिणा से याचकों का
घर बार भर दिया
ज्योतिषियों से बालक की
कुंडली बंचवायी है
कुंडली सुन राजा परम दुखी हुआ
जब पता चला
गौ , ब्राह्मण, देवताओं को
दुख  देने वाला होगा
यज्ञ ,दान, तपस्या करने वालों
पर अत्याचार करेगा
राजसिंघासन  छीन प्रजा को दुःख देगा
जब पृथ्वी दुखी होगी
तब परमात्मा जन्म लेकर
इसका उद्धार करेंगे
इतना सुन राजा दुखी हुआ
परमेश्वर की इच्छा जान संतोष किया 

राजा ने एक डलिया मे
बालक को लिटाया है
और यमुना मे बहाया है
बहते बहते बालक शूरसेन को मिल गया
वो उसे अपने घर लाये हैं
और वसुदेव संग दोनो ने
साथ साथ शिक्षा पाई है
जब दोनो बडे हो गये
तब इक दिन नारद जी
उससे मिलने आये हैं
और उसे उसके जीवन का
सब हाल बतलाये हैं
इतना सुन कंस क्रोधित हो उठा
और बदला लेने को
आतुर हो गया
उसने जा घोर तपस्या कर
ब्रह्मदेव को प्रसन्न कर
दस हजार हाथियो का बल पाया
और राजधानी मे आ उत्पात मचाया
अपने पिता को बंदी बनाया 
जैसा भूदेवों ने बतलाया था
वैसा ही उसने आचरण पाया था
कंस के अत्याचारों से
पृथ्वी का ह्रदय डोलने लगा
दस हजार हाथियों का बल
तपस्या में पाया था
उसके अत्याचार से
सबका मन थर्राया था
पूजा पाठ यज्ञ हवन
बंद करवा दिए

इक दिन जरासंध का 
एक हाथी पगला गया था
रास्ते से जाते कंस ने
उसे वश किया था
जरासंध ने उसके पौरुष
पर खुश हो
अपनी दो बेटियों
अस्ति और प्राप्ति
का उससे ब्याह किया
अस्ति और प्राप्ति
जैसे नाम थे वैसे ही
कंस के आचरण बनने लगे
अस्ति का मतलब" है "
और प्राप्ति कर अर्थ " इतना और पाना है "
बस इसी उहापोह में लग गया
घमंड से फूला ना समाता था
प्रजा पर मनमाने अत्याचार किया करता



क्रमश:

शुक्रवार, 15 जुलाई 2011

कृष्ण लीला ………भाग 1

ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः
श्री गणेशाय नमः
श्री सरस्वत्यै नमः
श्री सदगुरुभ्यो नमः

दोस्तों
आज से श्रीमद भागवत के दशम स्कंध में जो भगवान कृष्ण की लीलाएं हैं उनको काव्य के रूप में लिखने की कोशिश की है ............अब ये हमारे कान्हा की मर्ज़ी है कब तक और क्या क्या लिखवाते हैं और आप सबको पढवाते हैं. ये मेरा इस तरह का पहला प्रयास है कोई त्रुटि हो तो माफ़ी चाहती हूँ.

मेरे ख्याल से गुरुपूर्णिमा से उत्तम कोई दिन नहीं होगा ये श्रृंखला शुरू करने का .........सब प्रभु प्रेरणा से हो रहा है.

जब शुकदेव जी परीक्षित को भगवान के दिव्य चरित्र सुना रहे थे और नौ स्कंध तक भगवान के विभिन्न अवतारों की कथा सुना चुके और देख लिया कि अब प्याला भर गया है तब इतना कह शुकदेव जी चुप हो गए उस वक्त परीक्षित व्याकुल हो गए क्योंकि अब तो प्रभु के चरित्रों का समय आया था और इसी वक्त शुकदेव जी चुप हो गए तब परीक्षित उनसे प्रार्थना करने लगे .........शायद शुकदेव जी भी देखना चाहते थे कि प्यास कितना बढ़ी है .




चतुर्थ दिवस की कथा ने कराया
परीक्षित को ज्ञान बोध
कर जोड़ कहने लगे 

शुकदेव जी
सूर्य वंशी राजाओं का
उद्भव आपने सुनाया है
जो मेरे मन को भाया है
ज्ञानोदय अब हो गया
मुक्ति का मार्ग दिख गया
कर कृपा अब कुछ
यदुवंशियों का हाल सुनाइए
और मेरे जीवन को सफल बनाइये
जिसमे जन्मे चन्द्र किरण स्वरूपी
आनंदघन कन्हैया लाल हैं 

उनकी बाल लीलाओं का अब दिग्दर्शन कराइए
उनके दिव्य चरित्रों का अब पान कराइए
कैसे मारा कंस को वो सब बतलाइए
इस अमृत तत्व रुपी सुधा का पान कराइए
मेरे मन मंदिर में
कान्हा प्रेम का सागर बहाइये
मेरे ह्रदय कमल पर
ठाकुर जी को बिठाइए 


इतना सुन शुकदेव जी कहने लगे
राजन चार दिन से तुमने
कुछ ना खाया पीया है
कुछ खा पीकर चित्त ठिकाने कर लेना
उसके बाद कृपामृत का पान कर लेना
इतना सुन राजन यो कहने लगे
नौ स्कंधों में जो आपने
अमृत पान कराया है
कर्ण दोने से मैंने वो
अमृत पान किया है
अब ना क्षुधा तृषा कोई सताती है
अब तो सिर्फ मनमोहन की
कथा ही याद आती है
इतना सुन प्रफुल्लित शुकदेव जी
प्रभु के चरणों में ध्यान लगा यो कहने लगे
शूरसेन राजा की पञ्च कन्याएं
और दश पुत्र हुए
बड़े पुत्र वासुदेव का विवाह किया
सत्रह पटरानियों को उसने
अंगीकार किया
अठारहवीं शादी जब
देवकी से होने लगी
आकाशवाणी तब ये होने लगे
आठवां पुत्र देवकी का
कंस को मारेगा
इतना सुन कंस ने
वासुदेव देवकी को कैद किया
वहीँ कैद में परब्रह्म ने जन्म लिया
इतना सुन राजा यों कहने लगा
गुरुदेव कृपा कर बतलाइए
विस्तार से सारी कथा सुनाइए
मेरे प्रभु की यूँ ना पहेलियाँ बुझाइए
जिसे सुनने को मेरा मन मचलता है
उस आनंद के सागर में मेरी भी
डुबकी लगवाइए
वो अलौकिक दिव्य अमृतपान कराइए 





क्रमश:

रविवार, 10 जुलाई 2011

तोसे नैना लड गये जो इक बार

तोसे नैना लड गये जो इक बार
अब खुद को ढूँढे इत उत बावरी बयार
श्याम प्रेम मे री्झ गये दो नैना मतवार
दरस प्यास बुझत नाही चाहे देखे आठों याम


श्याम प्रेम रस माधुरी भीजत है जो इक बार

श्याममय हो जाय है सुध बुध सारी बिसार

मेरी अज्ञान मटकी फ़ोड दयी जा दिन से श्याम
अब श्याम बिना ना दीखत है दिन रात

मन माखन चुराय लिया जा दिना सों श्याम
ह्रदय सिंघासन बैठ गये वा दिना सों श्याम

अपनी सुध बिसार के हो गयी श्याम की डोर
जित ले जायेंगे उडाय के संग चलेगी डोर



नैनन की धोवन मे जब बहते श्याम हो अधीर
अंजुलि भर पी जाऊँ मै वो नैनन को नीर





दोस्तों
इस रसमयी धारा के प्रवाह को आगे बढाने के लिये मै
एक श्रंखला शुरु करने वाली हूँ जिसमे आनन्द की बयार 
बह रही होगी और उम्मीद करती हूँ आप सब का प्यार उसे 
भी इसी तरह मिलता रहेगा………ये शुभ कार्य मै गुरु 
पूर्णिमा से शुरु करने वाली हूँ।

मंगलवार, 5 जुलाई 2011

पाठन से उपजा चिन्तन

दोस्तों,
आज की ये रचना एक कविता की उपज है...........मैंने रश्मि प्रभा जी की कविता कैकेयी की ख्वाहिश पढ़ी जिसमे केकैयी के मातृ प्रेम और दर्द को दर्शाया गया था जो सच मे एक अनूठी कल्पना है उसे पढ़कर मुझे ये सारा प्रसंग याद आ गया तो सोचा केकैयी के जीवन का एक उज्जवल पक्ष भी आपके सामने रखना चाहिए .........आखिर उसने ऐसा किया क्यों ? और जब आप ये जानेंगे तो उसके व्यक्तित्व को भी सलाम करेंगे . उम्मीद् करती हूँ रश्मि जी इसे अन्यथा नही लेंगी क्योंकि ये मैने वो ही लिखा है जो मैने कथाओ मे सुन रखा है जिसके बारे मे धर्म ग्रंथों मे वर्णित है।





लिख रही है दुनिया
मन के भावों को
उन अनजानी राहों को
जिन पर चलना मुमकिन ना था
उस दर्द को कह रही है
जो संभव है हुआ ही ना था
कभी किसी ने ना जाना
इतिहास और धर्म ग्रंथों
को नहीं खंगाला
गर खंगाला होता तो
सच जान गए होते
फिर ना ऐसे कटाक्ष होते
हाँ , मैं हूँ केकैयी
जिसने राम को वनवास दिया
और अपने भरत को राज दिया
मगर कोई नहीं जानता
प्रीत की रीतों को
नहीं जानता कोई कैसे
प्रेम परीक्षा दी जाती है
स्व की आहुति दे
हवनाग्नि प्रज्ज्वलित  की जाती है
मेरी प्रीत को तुम क्या जानो
राम की रीत को तुम ना जानो
जब राम को जानोगे
तब ही मुझे भी पहचानोगे
मेरा जीवन धन राम था
मेरा हर कर्म राम था
मेरा तो सर्वस्व  राम था
जो भी किया उसी के लिए किया
जो उसके मन को भाया है
उसी में मैंने जीवन बिताया है
हाँ कलंकनी कहायी हूँ
मगर राम के मन को भायी हूँ
अब और कुछ नहीं चाह थी मेरी
राम ही पूँजी थी मेरी
जानना चाहते हो तो
आज बताती हूँ
तुम्हें राम और मेरी
कथा सुनाती हूँ
जब राम छोटे थे
मुझे मैया कहते थे
मेरे प्राणधन थे
भरत से भी ज्यादा प्रिय थे
बताओ कौन ऐसा जग में होगा
जिसे ना राम प्रिय होगा
हर चीज़ से बढ़कर किसे ना
राम की चाह होगी
बेटे , पति , घर परिवार
कभी किसी को ना
राम से बढ़कर चाहा
मुझमे तो सिर्फ
राम ही राम था समाया
इक दिन राम ने
प्रेम परीक्षा ली मेरी
मुझसे प्रश्न करने लगे
बताओ मैया
कितना मुझे तुम चाहती हो
मेरे लिए क्या कर सकती हो
इतना सुन मैंने कहा
राम तू कहे तो अभी जान दे दूँ
तेरे लिए इक पल ना गंवाऊँगी
जो तू कहे वो ही कर जाऊँगी
राम ने कहा जान तो कोई भी
किसी के लिए दे सकता है
मज़ा तो तब है जब जीते जी 
कांटों की शैया पर सोना होगा
ये ना प्रेम की परिभाषा हुई
इससे बढ़कर तुम क्या कर सकती हो
क्या मेरे लिए अपने पति, बेटे
घर परिवार को छोड़ सकती हो
क्या दुनिया भर का कलंक
अपने सिर ले सकती हो
उसकी बातें सुन मैं सहम गयी
लगा आज राम ने ये कैसी बातें कहीं
फिर दृढ निश्चय कर लिया
मेरा राम मेरा अहित नहीं करेगा
और यदि उसकी इच्छा ऐसी है
तो उसके लिए भी तैयार हुई
कहा राम तेरी हर बात मैं मानूंगी
कहो क्या करना होगा
तब राम यों कहने लगे
मैया सोच लेना
कुछ छोटी बात नहीं माँग रहा हूँ
तुमसे तुम्हारा जीवन माँग रहा हूँ
तुम्हें वैधव्य भी देखना होगा
मेरे लिए क्या ये भी सह पाओगी
अपने पुत्र की नफ़रत सह जाओगी
ज़िन्दगी भर माँ तुम्हे नही कहेगा
क्या ये दुख सह पाओगी
आज मेरे प्रेम की परीक्षा थी
उसमे उत्तीर्ण होने की ठानी थी
कह दिया अगर राम तुम खुश हो उसमे
तो मैं हर दुःख सह जाउंगी
पर तुमसे विलग ना रह पाऊँगी
तुम्हारे प्रेम की प्यासी हूँ
तुम्हारे किसी काम आ सकूँगी
तभी जीवन लाभ पा सकूँगी
कहो क्या करना होगा
तब राम ये कहने लगे
मैया जब मुझे राजतिलक होने लगे
तब तुम्हें भरत को राज दिलाना होगा
और मुझे बनवास भिजवाना होगा
ये सुन मैं सहम गयी
राम वियोग कैसे सह पाऊँगी
राम से विमुख कैसे रह पाऊँगी
तब राम कहने लगे
मैया मैं पृथ्वी का भार हरण करने आया हूँ
इसमें तुम्हारी सहायता की दरकार है
तुम बिन कोई नहीं मेरा
जो इतना त्याग कर सके
तुम पर है भरोसा मैया
इसलिए ये बात कह पाया हूँ
क्या कर सकोगी मेरा इतना काम
ले सकोगी ज़माने भर की
नफ़रत का अपने सिर पर भार
कोई तुम्हारे नाम पर
अपने बच्चों का नाम ना रखेगा
क्या सह पाओगी ये सब व्यंग्य बाण
इतना कह राम चुप हो गए
मैंने राम को वचन दिया
जीवन उनके चरणों मे हार दिया
अपने प्रेम का प्रमाण दिया
तो क्या गलत किया
प्रेम में पाना नहीं सीखा है
प्रेम तो देने का नाम है
और मैंने प्रेम में
स्व को मिटाकर राम को पाया है
मेरा मातृत्व मेरा स्नेह
सब राम में बसता था
तो कहो जगवालों
तुम्हें कहाँ मुझमे
भरत के लिए दर्द दिखता था
मैंने तो वो ही किया
जो मेरे राम को भाया था
मैंने तो यही जीवन धन कमाया था
मेरी राम की ये बात सिर्फ
जानकार ही जानते हैं
जो प्रेम परीक्षा को पहचानते हैं 
ए जगवालों 
तुम न कोई मलाल करना
ज़रा पुरानों में वर्णित
मेरा इतिहास पढ़ लेना
जिसे राम भा जाता है
जो राम का हो जाता है
उसे न जग का कोई रिश्ता सुहाता है
वो हर रिश्ते से ऊपर उठ जाता है
फिर उसे हर शय में राम दिख जाता है
इस तत्वज्ञान को जान लेना
अब तुम न कोई मलाल करना    

रविवार, 3 जुलाई 2011

आखिर कब तक ऐसा होगा?


(केरल में 18 वीं सदी में बने पद्मनाभास्वामी मंदिर के तहखाने से निकला एक टन सोना, 50000 करोड़ का खजाना बड़ी मात्र में हीरे जवाहरात , ९ फुट लम्बी सोने कि चैन, हजारों साल पुराने सोने के सिक्के  और ना जाने क्या क्या निकला है और दूसरा तहखाना खोला जाना बाकी है
ऐसे में कहा जा रहा है कि इस दौलत के दम पर पद्मनाभास्वामी मंदिर ट्रस्ट तिरुपति बालाजी ट्रस्ट को दौलत के मामले में पीछे छोड़कर देश का सबसे धनवान ट्रस्ट का खिताब हासिल कर सकता है। )


अभी ऊपर लिखी ये पोस्ट पढ़ी रूबी सिन्हा की........तो ये ख्याल आया
आखिर कब तक ऐसा होगा?

आज जहाँ देखो वहाँ जिस मंदिर में देखो वहीँ हर जगह सिर्फ यही सुनने को मिलता है कि अमुक मंदिर में  इतने किलो का मुकुट या इतने किलो की चेन चढ़ाई गयी .......
मंदिरों में इतना पैसा होना क्या आश्चर्य की बात नहीं है ? सभी जानते हैं कि  मंदिरों में श्रद्धालु अपनी कामना पूरी होने पर कुछ ना कुछ चढाते ही हैं  लेकिन मेरा कहना है कि यदि इतना पैसा मंदिरों में  है तो फिर 
हम सब क्यों सिर्फ इसी में लगे रह जाते हैं कि कौन सा मंदिर आगे हो गया और कौन सा पीछे , हमारी सोच सिर्फ यहीं आकर क्यूँ सिमट जाती है कि कौन सा मंदिर खजाने में आगे है और कौन सा पीछे ........हम ये क्यों नहीं सोच पाते कि ये पैसा भी काम आ सकता है  ....क्या फायदा इतना पैसा मंदिरों में पड़ा सड़ता रहे और देश की गरीब जनता दो वक्त की रोटी के लिए तरसती रहे ...........क्या भगवान पैसा चाहता है या बिना पैसे के खुश नहीं होता? बेशक कहना ये होगा कि लोग चढाते हैं तो कोई क्या करे ? जिनके काम पूरे होते हैं तो वो चढाते हैं इसमें मंदिर का क्या दोष? मगर प्रश्न अब भी अपनी जगह है कि ..........क्या मंदिर के कर्ताधर्ताओं का कोई फ़र्ज़ नहीं बनता?  जितना मंदिर की देखभाल और जरूरी खर्चों के लिए जरूरी हो उतना रखकर यदि उस पैसे का सही सदुपयोग करें तो क्या उससे भगवान नाराज हो जायेंगे? क्या उस पैसे को समाज , देश और गरीब जनता के कल्याण के लिए प्रयोग नहीं किया जा सकता? और यदि ऐसा किया जाता है तो ना जाने कितने लोगों का भला होगा और मेरे ख्याल से तो इससे बढ़कर और बेहतर काम दूसरा कोई हो ही नहीं सकता .............मगर ना जाने कब हम ये बात समझेंगे...........अब देखिये जम्मू कश्मीर श्राइन बोर्ड ने जनता कि सुविधा के लिए वहाँ का नक्शा ही बादल दिया चाहे वैष्णो देवी जाना हो या अमरनाथ .......और सबसे बड़ी बात इस कार्य में सरकार ने भी सहयोग दिया .......जब वैष्णो देवी के रास्तों को संवारा गया तब श्री जगमोहन जी ने वहाँ की कायापलट कर दी  .......तो क्या और मंदिरों या ट्रस्टों  के लोग ऐसा नहीं कर सकते ?............अब चाहे पैसा भ्रष्टाचार के माध्यम से बाहर गया हो या देश के मंदिरों में सड रहा हो क्या फायदा ऐसे पैसे का ? क्या इस पैसे के बारे में कोई कुछ नहीं कर सकता ? क्या इसके खिलाफ आवाज़ नहीं उठाई जा सकती ?  मेरे ख्याल से तो मेरा देश कल भी सोने की चिड़िया था तो आज भी है जिस देश के मंदिरों में आज भी इतना पैसा बरसता हो वो कैसे गरीब रह सकता है ये तो हमारी ही कमजोरी और लालच है जो हमें आगे बढ़ने से रोकता है.............आखिर कब हमारी सोच में बदलाव आएगा? आखिर कब हम खुद से ऊपर उठकर देश और समाज के लिए सोचेंगे?

शनिवार, 25 जून 2011

ललिता पूछे राधा से , ए राधा

ललिता पूछे राधा से , ए राधा
कौन शरारत कर गया
तेरे ख्वाबों में ,ख्वाबों में

आँख का अंजन बिखेर गया गालों पे-२-
ये चेहरा कैसे उतर गया ए राधा
दो नैनों में नीर कौन दीवाना भर गया ए राधा
ललिता पूछे राधा से ए राधा ...............


वो छैल छबीला आया था ओ ललिता -२-
मन मेरा भरमाया था ओ ललिता
मुझे प्रेम सुधा पिलाया था ओ ललिता
मेरी सुध बुध सब बिसराय गया वो छलिया
मेरा चैन वैन सब छीन गया री ललिता
ललिता पूछे राधा से ए राधा..................

वो मुरली मधुर बजाय गया सुन ललिता
वो प्रेम रस  पिलाय गया ओ ललिता
मुझे अपना आप भुलाय गया ओ ललिता
मुझे मोहिनी रूप दिखाय गया ओ ललिता
बंसी की धुन सुनाय गया सुन ललिता
और चित मेरा चुराय गया वो छलिया
ललिता पूछे राधा से ए राधा ..............

अब ध्यानमग्न मैं बैठी हूँ सुन ललिता
उसकी जोगन बन बैठी हूँ सुन ललिता
ये कैसा रोग लगाय गया ओ ललिता
ये कैसा रास रचाए गया ओ ललिता
मोहिनी चितवन डार गया सुन ललिता
ये कैसी प्रीत सुलगाय गया वो छलिया
मुझे अपनी जोगन बनाय गया री ललिता
ललिता पूछे राधा से ए राधा ..............

अब हाथ छुडाय भाग गया वो छलिया
मुझे प्रेम का रोग लगाय गया वो छलिया
मेरी रूप माधुरी चुराय गया वो छलिया
मुझे कमली अपनी बनाय गया वो छलिया
अब कैसे धीरज बंधाऊं री ललिता
अब कैसे प्रीत पहाड़ चढाऊँ री ललिता
मोहे प्रीत की डोर से बाँध गया वो छलिया
मेरी सुध बुध सब बिसराय गया वो छलिया
ललिता पूछे राधा से ए राधा .................











सोमवार, 20 जून 2011

कभी कभी मिल जाता है उम्मीद से ज्यादा

ज़रा गौर फरमाइए इधर भी.........कभी कभी मिल जाता है उम्मीद से ज्यादा ...........पता नहीं कैसे हुआ मगर हो गया .........अगर जानना है तो यहाँ देखिये ...........इस लिंक पर 


 दोस्तों
   "क्या संन्यासी या योग गुरु से छिन जाते हैं मौलिक अधिकार?"
ये लिंक है इस आलेख का
http://www.mediadarbar.com/%E0%A4%95%E0%A5%8D%E0%A4%AF%E0%A4%BE-%E0%A4%B8%E0%A4%82%E0%A4%A8%E0%A5%8D%E0%A4%AF%E0%A4%BE%E0%A4%B8%E0%A5%80-%E0%A4%AF%E0%A4%BE-%E0%A4%AF%E0%A5%8B%E0%A4%97-%E0%A4%97%E0%A5%81%E0%A4%B0%E0%A5%81/


 इस आलेख को मिला है प्रथम पुरस्कार मिडिया दरबार की ओर से .........हर हफ्ते आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में ..........जानिए वो विचार जो मेरे द्वारा प्रस्तुत किये गए .........मुझे नहीं पता कैसे मिल गया .........मुझे तो लगा ही नहीं था कि ऐसा खास लिखा है कि प्रथम पुरस्कार मिलेगा ........अब आप सब खुद पढ़ कर देखिये और बताइए .

शनिवार, 18 जून 2011

मन भूला भूला फिरता है

ना जाने कैसा सवेरा है
किसने घेरा है
कौन पथिक है
कहाँ जाना है
क्या करना है
आगत विगत में उलझा है
मोह निशा में भटका है
मन ने मचाया हल्ला है
दिखता ना कोई अपना है
कभी लगता जहाँ अपना है
कभी लगता सब सपना है
कैसी अबूझ पहेली है
जितनी सुलझाओ उलझी है
जीवन नैया डोली है
बीच भंवर में अटकी है
मल्लाह ना कोई मिलता है
पार ना कोई दीखता है
ये कैसा जीवन खेला है
जहाँ कोई ना तेरा मेरा है
जानता सब कुछ है फिर भी
पथिक भटकता फिरता है
राह विषम ये दिखती है
मंजिल भी तो नहीं मिलती है
किस आस के सहारे बढ़ता जाये
किसके सहारे जीता जाये
कोई ना संबल दिखता है
मन भूला भूला फिरता है

बुधवार, 15 जून 2011

चंचल चंचल रे मना

चंचल चंचल रे मना
काहे चंचल होय
श्याम की ब्रजमाधुरी तो
वृन्दावन में होय

धीरज धीरज रे मना

थोडा धीरज बोय
चाहे सींचे सौ घड़ा
ऋतु आवन फल होय

भागे भागे रे मना

काहे भागे रोये
श्याम सुख सरिता तो
मन आँगन में होय 


निर्मल निर्मल रे मना
निर्मल मन जो होए
श्याम प्रेम का वास तो
वा तन में ही होय   





सोमवार, 6 जून 2011

आखिर अपनों से कैसी पर्दादारी?

आजकल तो
छुपे छुपे रहते हैं
अक्स खुद से भी
छुपाते हैं
डरते हैं
कोई बैरन कहीं
नज़र ना लगा दे
बताओ भला
कारे को भी कभी
कारी नज़र लगी है

जो खुद नज़र का टीका हो
उसे भला नज़र कब लगती है
सखी री कोई तो बताओ
कोई तो उन्हें आईना दिखाओ
प्यार करने वालों की
नज़र नहीं लगती
ये फलसफा उन्हें भी समझाओ 

कहना उनसे ज़रा
घूंघट तो उठाएं
मोहिनी मूरत तो दिखाएं
आखिर अपनों से कैसी पर्दादारी?

बुधवार, 1 जून 2011

हे कृष्ण ! तुम प्रश्नचिन्ह हो

हे कृष्ण !
तुम प्रश्नचिन्ह हो 
समझ में न आने वाले
ऐसा जटिल प्रश्न 
जिसका उत्तर 
जितना खोजो
उतना उलझता है 
कभी तो द्रौपदी का 
चिर बढ़ाते हो
कभी गोपियों का 
चीर चुराते  हो 
कभी अर्जुन को 
युद्ध का उपदेश देते हो
कभी कालयवन के डर से
भाग खड़े होते हो 
कभी तो नित्य 
तृप्त लगते हो
और कभी
गोपियों से माखन
माँग माँग कर 
खाते हो 
कभी जेल में 
जन्म लेते हो
तो कभी जीव को
संसारी बेड़ियों से
मुक्त करते हो 
तुम अव्यक्त होकर
व्यक्त होते हो
तो कभी व्यक्त 
होकर भी 
अव्यक्त रह जाते हो
कृष्ण तुम
आदि भी हो
अंत भी और
अनंत  भी 
हे कृष्ण तुम
समझ न आने वाले 
वो अलक्ष्य लक्ष्य हो
जिसे  जानना होगा 
प्रेम करना होगा
सिर्फ प्रेम की 
डोरी से बाँधना होगा
वरना तो तुम 
कभी किसी की 
समझ न आने 
वाले प्रश्नचिन्ह हो 
फिर कोई कैसे और 
कहाँ उत्तर खोजे
कुछ प्रश्न अनुत्तरित 
ही रहते हैं 
तो फिर तुम तो
खुद एक प्रश्नचिन्ह हो